बालुरघाट में कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय के सहयोग से आयोजित पश्चिम बंगाल के पहले कौशल महोत्सव में हजारों युवाओं ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। यह महोत्सव खासकर दक्षिण दिनाजपुर और आसपास के इलाकों के नौकरी चाहने वालों को रोजगार के अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था। इस आयोजन में 7,500 से अधिक इंटरव्यू हुए और 4,500 से ज्यादा उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया गया।
महोत्सव में 50 से अधिक नियोक्ताओं ने हिस्सा लिया, जिन्होंने 7,000 से ज़्यादा नौकरियों के अवसर दिए। यह अवसर विनिर्माण, खुदरा, लॉजिस्टिक्स, स्वास्थ्य सेवा, आतिथ्य, खाद्य प्रसंस्करण, बैंकिंग और वित्तीय सेवाओं सहित कई क्षेत्रों में युवा प्रतिभाओं को करियर बनाने में मदद करेगा।
मुख्य जानकारी
कार्यक्रम में भारत सरकार के शिक्षा राज्य मंत्री और पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास राज्य मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार, पश्चिम बंगाल सरकार के कई मंत्री और स्थानीय विधायकों समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। डॉ. मजूमदार ने कौशल और शिक्षा को रोजगार और सफलता के आधार बताया और युवाओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग कर कौशल विकास हेतु प्रेरित किया। उन्होंने कौशल महोत्सव को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘स्किल इंडिया मिशन’ की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए कई उद्योगों जैसे रॉयल एनफील्ड, विप्रो, एक्सिस बैंक, बार्बेक्यू नेशन, टाटा प्रोजेक्ट्स, टीवीएस सप्लाई चेन आदि ने सहयोग किया। कौशल महोत्सव का उद्देश्य युवाओं को रोजगार और करियर के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना और सकारात्मक बदलाव लाना है।
स्रोत: प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB)
