पवन हंस ने नोएमी एयरोस्पेस के साथ सतत विमानन प्रौद्योगिकी पर एमओयू पर हस्ताक्षर किए

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री की उपस्थिति में पवन हंस ने नोर्वे की नोएमी एयरोस्पेस के साथ विद्युत चालित सी-प्लेन प्रौद्योगिकी में सहयोग के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर किए।

पवन हंस लिमिटेड (पीएचएल), जो नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अधीन भारत सरकार का उपक्रम है, ने नोर्वे की नोएमी एयरोस्पेस (एलफ्लाई एएस) के साथ विद्युत चालित सी-प्लेन समाधानों सहित अगली पीढ़ी की सतत विमानन प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में सहयोग के अवसरों का पता लगाने के लिए गैर-बाध्यकारी समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।

इस समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री राम मोहन नायडू किंजरापु और नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सचिव श्री समीर कुमार सिन्हा की उपस्थिति में हुए। पवन हंस लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्री सुनील कुमार नागदौने तथा नोएमी एयरोस्पेस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री एरिक फ्रांस्वा लिथुन ने इस पर हस्ताक्षर किए।

मुख्य जानकारी

प्रस्तावित सहयोग का उद्देश्य विद्युत चालित सी-प्लेन प्रौद्योगिकियों, कौशल विकास, क्षमता निर्माण, तकनीकी ज्ञान के आदान-प्रदान, कार्यशालाओं एवं व्यवहार्यता अध्ययनों जैसे क्षेत्रों में संभावित सहयोग की संभावनाओं का पता लगाना है। यह पहल भारत सरकार के क्षेत्रीय संपर्क, हरित विमानन, नवाचार-आधारित विकास, द्वीप संपर्क तथा उभरती विमानन प्रौद्योगिकियों को बढ़ावा देने के विजन के अनुरूप है।

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री राम मोहन नायडू ने कहा कि यह सहयोग नागरिक उड्डयन क्षेत्र में स्वदेशी क्षमताओं को मजबूत करने तथा प्रौद्योगिकियों की संभावनाओं को तलाशने की व्यापक सोच को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि भारत में सी-प्लेन का परिचालन और उनके निर्माण को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार ने 2026 के बजट में प्रोत्साहन प्रस्तावित किए हैं। साथ ही, सी-प्लेन परिचालन के लिए वायबिलिटी गैप फंडिंग योजना भी शुरू की जाएगी।

नॉर्वे की नोएमी एयरोस्पेस अगली पीढ़ी की विद्युत चालित सी-प्लेन प्रौद्योगिकी के विकास में लगी हुई है और इसे नॉर्वे सरकार से वित्तीय सहायता प्राप्त है। यह समझौता ज्ञापन खोजपरक प्रकृति का है और इसमें कोई वित्तीय प्रतिबद्धता, खरीद संबंधी दायित्व या निवेश संबंधी व्यवस्था शामिल नहीं है। भविष्य में सहयोग के लिए आवश्यक औपचारिक समझौते और स्वीकृतियां पूरी की जाएंगी।

यह पहल पवन हंस लिमिटेड की नवाचार, परिचालन उत्कृष्टता और रणनीतिक अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों के माध्यम से भारत के विकसित हो रहे विमानन पारिस्थितिकी तंत्र को समर्थन देने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर कार्यक्रम

केंद्रीय मंत्री के साथ पवन हंस और नोएमी एयरोस्पेस के अधिकारी

एमओयू हस्ताक्षर कार्यक्रम

पवन हंस एवं नोएमी एयरोस्पेस के प्रतिनिधि

स्रोत: प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB)

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *